देहरादून।
सड़क सुरक्षा और यात्रियों की संरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से देहरादून इलेक्ट्रिक बस डिपो में Evey Trans कंपनी द्वारा कर्मचारियों के लिए एक व्यापक नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से बस चालकों एवं अन्य कर्मचारियों की आंखों की जांच कर सुरक्षित और जिम्मेदार बस संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई।
चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम द्वारा कर्मचारियों की दृष्टि क्षमता की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार परामर्श भी प्रदान किया गया। कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि चालक की अच्छी दृष्टि सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की आधारशिला है और ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण दुर्घटनाओं की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं।
यह नेत्र परीक्षण शिविर वरिष्ठ अधिकारी आलोक जी, Emphatic Mobility Services के निदेशक श्री करतार सिंह, श्री अमित त्यागी तथा संचालन अधिकारी श्री कुलदीप शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व से अवगत कराते हुए सतर्क और अनुशासित ड्राइविंग का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला और इस पहल को परिवहन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को मजबूत करने वाला एक सराहनीय प्रयास बताया गया।