गाजियाबाद। पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डीसीपी ग्रामीण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार्य में लापरवाही बरतने वाले छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से ग्रामीण जोन के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मोदीनगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड चौकी प्रभारी विनय मालिक, गोविंदपुरी चौकी प्रभारी सुबोध कुमार मान, मोदीनगर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सुभाष गिरी तथा कांस्टेबल नितिन यादव को उनके कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर लाइन हाजिर किया गया है। इसके अलावा मसूरी थाना क्षेत्र की नाहल चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार और अंकुर विहार थाने में तैनात हेड कांस्टेबल अनुज कुमार पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों की कार्यशैली और जिम्मेदारियों के निर्वहन में कमियां सामने आई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ग्रामीण ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और पुलिस की छवि को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। ऐसे में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति उदासीनता दिखाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।







