बदहाल सड़कों पर खतरा झेल रहीं ई-बसें
शाहजहांपुर। ककरा से बरेली मोड़ और रोडवेज जाने के लिए जिस मार्ग का उपयोग किया जाता था, वहां स्थित पुल को शहर में आने वाली संभावित बाढ़ को देखते हुए ऊंचा किए जाने का कार्य चल रहा है। पुल पर निर्माण कार्य जारी होने के कारण ई-बसों को फिलहाल ककरा रेलवे लाइन होते हुए पावर हाउस मार्ग से निकाला जा रहा है। लेकिन यह वैकल्पिक मार्ग पूरी तरह जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, जिससे ई-बस संचालन में भारी परेशानियां सामने आ रही हैं।
सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क और मलबा पड़े होने के कारण बसों को निकलने में दिक्कत हो रही है। लगातार खराब रास्तों पर संचालन होने से ई-बसों में तकनीकी खराबियों की आशंका भी बढ़ती जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि रोजाना इसी खराब मार्ग से बसों का आवागमन होने के कारण वाहन तेजी से प्रभावित हो रहे हैं, जिससे संचालन व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
सूत्रों के अनुसार पूर्व में सिटी बस संचालन प्रबंधन द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर सड़क की मरम्मत और बेहतर वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने की मांग भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय कर्मचारियों और संचालन से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं कराया गया, तो आने वाले समय में ई-बसों के संचालन पर गंभीर असर पड़ सकता है। वहीं सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की योजना भी बदहाल रास्तों के कारण प्रभावित होती नजर आ रही है।





