मुरादनगर। मुरादनगर देहात क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने यात्रा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शहीद सुरेंद्र सिंह स्मारक, रावली से किया गया। यहां से देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा रवाना हुई और विभिन्न मार्गों से होते हुए रावली मंदिर पहुंची। रास्तेभर लोगों ने तिरंगा लहराकर राष्ट्र के प्रति अपना सम्मान और समर्पण व्यक्त किया। यात्रा में शामिल लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मेयर आशु वर्मा रहे। उनके साथ मंडल अध्यक्ष विपिन चौधरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरीश त्यागी, जंगली फौजी, ग्राम प्रधान शर्मा, मुकुट लाल अरोड़ा, संजय अरोड़ा, महामंत्री विनीत त्यागी, सुभाष यादव, सुरेंद्र चौधरी, लालू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
शहीदों को किया नमन
यात्रा के दौरान शहीद स्मारक पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपना योगदान दे।
पूरे रास्ते गूंजते रहे देशभक्ति के नारे
तिरंगा यात्रा में युवाओं और ग्रामीणों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देश की एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता पैदा करना है। तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में आपसी भाईचारे और देशभक्ति का संदेश भी दिया।
अंत में यात्रा रावली मंदिर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजकों ने यात्रा में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र में दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा।






