फल खरीदने गए सरकारी शिक्षक से मारपीट व लूटपाट

Share This Article

गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में रहने वाले सरकारी शिक्षक शिव नारायण राही के साथ फल बेचने वाले कुछ दबंगों ने लाठी डंडो से मारपीट कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उनकी जेब में रखें पैसे भी लूट लिए। पुलिस से शिकायत करने पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी। सिहानी गेट थाने में दी गई शिकायत के अनुसार गुरुवार 6 अगस्त की शाम करीब सात बजे वह फल खरीदने के लिए एक ठेले पर गए थे। फल की गुणवत्ता को लेकर विवाद होने पर उसने फल वापस करने की बात कही, लेकिन विक्रेता ने मना कर दिया। पीड़ित शिक्षक का आरोप है कि इसके बाद फल विक्रेता ने अपने चार-पांच साथियों को बुला लिया, जिन्होंने उसके साथ मारपीट की और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी जेब से करीब 750 रुपये निकाल लिए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने घटना की सूचना अपने भाई को दी। भाई ने मौके पर पहुंचकर डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित का आरोप है कि संबंधित लोग फुटपाथ पर अवैध रूप से फल बेचते हैं और आए दिन राहगीरों से विवाद करते रहते हैं। पीड़ित ने थाना पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like these