गाजियाबाद में कथित अवैध निर्माण को लेकर विहिप-बजरंग दल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

Share This Article

गाजियाबाद में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में कथित अवैध निर्माण और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

विश्व हिंदू परिषद – बजरंग दल गजप्रस्थ विभाग (गाजियाबाद) के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर UPSIDA की ट्रोनिका सिटी (लोनी) आवासीय सेक्टर B-1 क्षेत्र से संबंधित शिकायत प्रशासन के सामने रखी।

विहिप गाजियाबाद विभाग मंत्री अजय शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में राजस्व अभिलेखों में दर्ज मरघट (श्मशान) भूमि पर कथित रूप से मजार एवं मस्जिद का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि निर्माण अवैध पाया जाए तो नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही संगठन की ओर से कथित रूप से कराई जा रही नमाज को तत्काल रोकने की मांग भी की गई।

विहिप जिला अध्यक्ष अरविंद त्यागी ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन और सुरक्षा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि भूमि अभिलेखों और UPSIDA के नक्शे के आधार पर मामले की जांच कराई जाए तथा अवैध निर्माण पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी आग्रह किया। विहिप एवं बजरंग दल नेताओं ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की चिंताओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

साथ ही संगठन की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान विश्व हिंदू परिषद गाजियाबाद (गजप्रस्थ) विभाग के विभाग संगठन मंत्री साहिल वालिया, विभाग मंत्री अजय शर्मा, जिला अध्यक्ष अरविंद त्यागी, जिला मंत्री राजेश तंवर, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख विराट अभिमन्यु सिंह, महानगर सह मंत्री अश्वनी जी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like these