गाज़ियाबाद – राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी – टू में रविवार शाम एक महिला की पांचवी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर मौत हो गई। मृतका की पहचान हेमिका के रूप में हुई है जो पेशे से मनोचिकित्सक बताई जा रही हैं।हेमिका ऑफिसर सिटी टू के फ़्लैट नम्बर F – 509 में रहती थी। उसकी उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे महिला के नीचे गिरने की तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा परिजनों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।






