उपाध्यक्ष जीडीए ने आरडीसी क्षेत्र का किया व्यापक निरीक्षण, जाम व पार्किंग समस्या के स्थायी समाधान हेतु एक सप्ताह में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश

Share This Article

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष ने आज सचिव, विशेष कार्याधिकारी तथा अभियंत्रण टीम के साथ राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती यातायात भीड़, जाम, अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य नागरिक सुविधाओं का आकलन कर उनके प्रभावी एवं स्थायी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देना था।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने आरडीसी क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अनियोजित पार्किंग, सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने तथा अव्यवस्थित गतिविधियों के कारण यातायात बार-बार बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों एवं आगंतुकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरडीसी क्षेत्र की पार्किंग व्यवस्था का वैज्ञानिक ढंग से पुनर्गठन करते हुए उपलब्ध स्थानों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाए।

निरीक्षण के दौरान व्हीकल-फ्री जोन का भी अवलोकन किया गया। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इस क्षेत्र को उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप प्रभावी ढंग से विकसित एवं संचालित किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सके।

उपाध्यक्ष ने क्षेत्र की स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को प्रस्तावित कार्ययोजना में शामिल कर तत्काल ठीक कराया जाए तथा पूरे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित हो।

निरीक्षण के दौरान अवैध रूप से संचालित स्ट्रीट फूड एवं अन्य अस्थायी स्टॉलों का भी संज्ञान लिया गया। उपाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे अव्यवस्थित स्टॉल न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं, बल्कि गंदगी और अतिक्रमण की समस्या भी बढ़ाते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सुव्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन विकसित किया जाए, ताकि वैध वेंडिंग गतिविधियों को नियोजित स्थान उपलब्ध कराया जा सके और सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमण मुक्त बनाए जा सकें।

उन्होंने पूरे आरडीसी क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

निरीक्षण के क्रम में आरडीसी से सटे हिंडन चौराहे का भी अवलोकन किया गया। यह चौराहा जीडीए की प्रस्तावित सौंदर्यीकरण योजना में शामिल है, जिसका टेंडर पूर्ण हो चुका है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रारंभ कराया जाए, ताकि चौराहे के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ यातायात प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के अंत में उपाध्यक्ष ने सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरडीसी क्षेत्र से जुड़े सभी बिंदुओं पर एक सप्ताह के भीतर ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी कार्रवाई प्रारंभ की जाए। साथ ही सभी कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि आरडीसी क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप विकसित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like these