*कॉक्लियर इम्प्लांट से श्रवण बाधित बच्चों को मिलेगा सुनने और बोलने का अवसर: अंशुल चौहान
*दिनांक: 26 अप्रैल 2026*
*गाजियाबाद।* श्री अंशुल चौहान, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जनपद गाजियाबाद ने अवगत कराया कि जनपद के श्रवण बाधित बच्चों का कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन कराया गया है। इस प्रक्रिया के माध्यम से इन बच्चों को सुनने की क्षमता विकसित करने का अवसर प्राप्त हुआ है तथा स्पीच थेरेपी एवं प्रशिक्षण के बाद यह बच्चे धीरे-धीरे बोलना सीख जाते हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चों को लाभान्वित किया जाता है, जिनकी आयु 5 वर्ष तक होती है और जो सुनने में गंभीर रूप से असमर्थ होते हैं। इस योजना के अंतर्गत लगभग 6 लाख रुपये लागत वाले ऑपरेशन का पूरा व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
उन्होंने आगे बताया कि कॉक्लियर इम्प्लांट के पश्चात बच्चों को व्यवस्थित रूप से ऑडिटरी प्रशिक्षण एवं स्पीच थेरेपी प्रदान की जाती है, जिससे वे ध्वनियों को समझने की दिशा में निरंतर प्रगति करते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन के साथ-साथ परिवार का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
*जनहित में अपील–*
श्री अंशुल चौहान, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, गाजियाबाद ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि यदि उनके परिवार में कोई श्रवण बाधित बच्चा है, तो वे इस योजना का लाभ अवश्य उठाएं।
इच्छुक अभिभावक विकास भवन, गाजियाबाद, कक्ष संख्या 133 स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं अथवा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के व्हाट्सएप नंबर 8791491011 पर मैसेज भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।







