तेज रफ्तार बस का कहर: फैक्ट्री से लौट रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, चालक बस समेत फरार
मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब टायर फैक्ट्री से ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे दो दोस्तों को एक तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते दिल्ली-मेरठ रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव डिडौली निवासी 45 वर्षीय विपिन त्यागी तथा मोदीनगर की भूपेंद्रपुरी कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय जयपाल सिंह बसंतपुर स्थित एक टायर फैक्ट्री में कार्यरत थे। दोनों के बीच गहरी मित्रता थी और वे प्रतिदिन एक साथ ड्यूटी पर आते-जाते थे। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे शिफ्ट समाप्त होने के बाद दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घरों के लिए निकले थे।
बताया गया कि शाम करीब 7 बजे जब दोनों बसंतपुर तहसील गेट के सामने यू-टर्न के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और आगे चल रही दूसरी बस को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। यू-टर्न के समीप स्पीड ब्रेकर होने के बावजूद चालक ने बस की रफ्तार कम नहीं की, जिससे यह भीषण हादसा हो गया।
टक्कर लगते ही दोनों बाइक सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद दोनों घायल करीब दस मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे। राहगीरों ने तत्काल उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, लेकिन चालक बस समेत फरार होने में सफल रहा।
विपिन त्यागी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। हादसे की सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और लोगों की भीड़ के कारण दिल्ली-मेरठ मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। लगभग 20 मिनट तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली-मेरठ मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बस और फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक और बस की तलाश की जा रही है। जल्द ही बस को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







