एम्बुलेंस की टक्कर से कांवड़ खंडित, कांवड़ियों ने दिल्ली–मेरठ मार्ग पर लगाया जाम
मुरादनगर। सोमवार को मुरादनगर क्षेत्र में दिल्ली–मेरठ मार्ग पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक एम्बुलेंस की टक्कर से एक कांवड़ खंडित हो गई। घटना से आक्रोशित कांवड़ियों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर की समझाइश के बाद कांवड़ियों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद दिल्ली–मेरठ मार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
जाम के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने यातायात को सुचारु कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से सावधानी बरतने तथा कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।






