“गरीब का गृह प्रवेश” अभियान के तहत 24 घंटे में पीड़िता को दिलाया ”दुकान का कब्जा”
किसी भी पात्र व्यक्ति को उसकी वैध संपत्ति से वंचित नहीं होने दिया जाएगा: श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़
प्रार्थी के परिवार ने किया जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ का कोटि—कोटि धन्यवाद
गाजियाबाद। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में संचालित “गरीब का गृह प्रवेश” अभियान के अंतर्गत जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र व्यक्तियों को उनकी वैध संपत्तियों पर पुनः कब्जा दिलाना है, जो विभिन्न कारणों से लंबे समय से अपनी संपत्ति के उपयोग एवं स्वामित्व से वंचित रहे हैं।
इसी क्रम में दिनांक 15 जून, 2026 को श्रीमती सुमन बत्रा पत्नी श्री प्रमोद बत्रा निवासी गाजियाबाद द्वारा जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रार्थना-पत्र में अवगत कराया गया कि नगर निगम गाजियाबाद द्वारा वर्ष 1992 में उन्हें दुकान संख्या-06, नगर निगम मार्केट, साईं मंदिर के निकट, गांधी नगर, गाजियाबाद आवंटित की गई थी। स्वास्थ्य संबंधी कारणों से दुकान का संचालन प्रभावित होने के दौरान उक्त दुकान का संचालन उनके सहयोगी श्री इमामुद्दीन द्वारा किया जाने लगा, किन्तु बाद में दुकान का कब्जा वापस नहीं किया गया।
शिकायत प्राप्त होने पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित जांच के निर्देश दिए गए। जांचोपरांत प्रस्तुत तथ्यों एवं अभिलेखों के आधार पर शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दिनांक 16 जून, 2026 को पीड़िता को उनकी आवंटित दुकान का विधिवत कब्जा दिलाया गया। इस प्रकार शिकायत प्राप्त होने के मात्र 24 घंटे के भीतर प्रकरण का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि जनपद में किसी भी पात्र व्यक्ति को उसकी वैध संपत्ति से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। जनसुनवाई में प्राप्त ऐसे प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि “गरीब का गृह प्रवेश” अभियान के माध्यम से पीड़ित एवं जरूरतमंद नागरिकों को त्वरित न्याय एवं राहत प्रदान करने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
पीड़िता एवं उनके परिजनों ने प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार प्रकट किया।







