गाजियाबाद सहित प्रदेश के कई शहरों में ई-बसों की बैटरी बदलने का कार्य तेज, 15 अगस्त तक सभी प्रभावित बसों के संचालन का लक्ष्य

Share This Article

हाल के दिनों में प्रदेश में संचालित इलेक्ट्रिक बस सेवा को लेकर विभिन्न माध्यमों पर कई प्रकार की अपुष्ट एवं भ्रामक जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिक बस सेवा बंद होने अथवा संचालन पर किसी प्रकार के संकट जैसी बातें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।कंपनी अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में उत्तर प्रदेश के 14 शहरों में लगभग 700 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। नई तकनीक वाली इन बसों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद कंपनी ने बड़े स्तर पर बैटरी प्रतिस्थापन (Battery Replacement) अभियान शुरू किया है, ताकि यात्रियों को निर्बाध एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 200 इलेक्ट्रिक बसों में नई बैटरियां सफलतापूर्वक स्थापित की जा चुकी हैं। शेष बैटरी प्रभावित बसों में भी युद्धस्तर पर कार्य जारी है। कंपनी का लक्ष्य है कि 15 अगस्त तक सभी प्रभावित बसों में नई बैटरियां स्थापित कर उन्हें पुनः नियमित संचालन में शामिल कर दिया जाए।कंपनी के अनुसार प्रारंभिक तकनीकी आकलन के आधार पर बैटरियों का अनुमानित जीवनकाल लगभग पांच वर्ष माना गया था, लेकिन वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में कुछ बैटरियों को लगभग चार वर्ष के भीतर ही बदलने की आवश्यकता महसूस हुई। अधिकारियों का कहना है कि नई तकनीक और आयातित बैटरियों के वास्तविक प्रदर्शन का अनुभव मिलने के बाद समय से पहले बैटरी बदलने का निर्णय लिया गया।अधिकारियों ने बताया कि इस निर्णय से कंपनी पर अतिरिक्त आर्थिक भार अवश्य पड़ा है, लेकिन जनहित और सार्वजनिक परिवहन सेवा को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कंपनी ने आवश्यक निवेश करते हुए बैटरियों के प्रतिस्थापन का कार्य जारी रखा है।कंपनी का कहना है कि बैटरी प्रतिस्थापन का कार्य निर्धारित योजना के अनुसार लगातार प्रगति पर है और सभी आवश्यक तकनीकी सुधार पूरे होने के बाद प्रदेश के विभिन्न शहरों में इलेक्ट्रिक बस सेवा पहले की तरह पूरी क्षमता के साथ संचालित होगी।कंपनी अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि इलेक्ट्रिक बस सेवा से संबंधित किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसके आधिकारिक स्रोत की पुष्टि अवश्य करें तथा अपुष्ट या भ्रामक सूचनाओं से भ्रमित न हों।अटल आवाज की ओर से भी पाठकों से अपील है कि तकनीकी विषयों से जुड़ी किसी भी जानकारी को आधिकारिक तथ्यों के आधार पर ही परखें। वर्तमान में बैटरी प्रतिस्थापन का कार्य निरंतर जारी है और कंपनी ने विश्वास व्यक्त किया है कि 15 अगस्त तक सभी प्रभावित बसों को पुनः संचालन में शामिल कर दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर एवं निर्बाध परिवहन सेवा मिलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like these