बागपत दोहरे हत्याकांड पर वैश्य समाज में उबाल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Share This Article

दोषियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी सजा और व्यापारी सुरक्षा की मांग; नंदग्राम थाने पर जुटे वैश्य समाज के पदाधिकारी

गाजियाबाद। बागपत जनपद में वैश्य समाज से जुड़े दो लोगों की निर्मम हत्या के विरोध में अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन (राजनगर एक्सटेंशन इकाई) ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कहा कि इस जघन्य घटना से पूरे वैश्य समाज में गहरा आक्रोश और असुरक्षा की भावना व्याप्त है।

नंदग्राम थाना परिसर में एकत्रित संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित जांच कराकर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि प्रदेश में व्यापारी वर्ग लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में कार्य करने को मजबूर है।

अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन के नगर अध्यक्ष नीरज कुमार जिंदल ने कहा कि बागपत की घटना केवल दो परिवारों पर हुआ हमला नहीं, बल्कि पूरे व्यापारी एवं वैश्य समाज को झकझोर देने वाली घटना है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज प्रदेश के आर्थिक विकास, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक समरसता में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है, ऐसे में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ज्ञापन में मांग की गई कि हत्याकांड के दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, पीड़ित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा प्रदान की जाए तथा प्रदेशभर में व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

नीरज जिंदल ने कहा कि सरकार को इस जघन्य अपराध के दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाकर पीड़ित परिवारों को न्याय उपलब्ध कराना चाहिए, जिससे समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे और अपराधियों में भय पैदा हो।

इस अवसर पर राहुल गुप्ता, आकाश बंसल, संजीव गुप्ता, प्रमोद बंसल, गणेश मित्तल, शिवांश अग्रवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like these