गाजियाबाद के लिए बड़ी सौगात! शासन ने हिंडन नदी पर तीन नए पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी है. ये पुल मोदीनगर के मतौर, मुरादनगर के भदौली और लोनी के फरुखनगर में बनेंगे. इससे गाजियाबाद और बागपत के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और 20 से ज्यादा गांवों के हजारों लोगों को नाव के जोखिम भरे सफर और लंबे जाम से मुक्ति मिलेगी. सेतु निगम जल्द ही इन पुलों का निर्माण कार्य शुरू करेगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
गाजियाबाद और आसपास के जिलों में रहने वाले लोगों के लिए योगी सरकार ने बड़ी खुशखबरी दी है. जिले में हिंडन नदी पर तीन नए पुल बनाने के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है. यह फैसला न केवल गाजियाबाद के शहरी और ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी सुधारेगा, बल्कि बागपत जिले से आने-जाने वाले हजारों लोगों का समय और मेहनत भी बचाएगा. उत्तर प्रदेश सेतु निगम इन तीनों पुलों का निर्माण कराएगा. खास बात यह है कि ये तीनों पुल गाजियाबाद की तीन अलग-अलग विधानसभा सीटों मोदीनगर, लोनी और मुरादनगर में बनाए जाएंगे.







